कलेक्ट्रेट के भूतल स्थित सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में प्राप्त आधे से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कराया गया, जिससे आवेदकों के चेहरों पर संतोष नजर आया।

जनसुनवाई में सिरोंज तहसील के ग्राम पगरानी निवासी किसान श्री सोनू तिवारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि प्राप्त नहीं होने की समस्या बताई। तकनीकी खामियों के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। कलेक्टर ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभाग को निर्देश दिए, जिसके बाद तकनीकी खामियों को दूर कर समस्या का निराकरण किया गया। अब किसान श्री सोनू तिवारी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि प्राप्त होने लगेगी।

इसी तरह शमशाबाद तहसील के ग्राम सांगुल निवासी 14 वर्षीय छात्र अंश मालवीय अपने नवीन आधार कार्ड बनवाने की समस्या लेकर पिता के साथ जनसुनवाई में पहुंचे। शासकीय हाई स्कूल में कक्षा 9 वीं में अध्ययनरत अंश पिछले करीब एक वर्ष से नया आधार कार्ड बनवाने के लिए परेशान था। कलेक्टर ने छात्र की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्ट्रेट में स्थापित जनसुनवाई के आधार केंद्र पर ही अंश का आधार कार्ड बनाया गया। आधार कार्ड बनने से छात्र को शैक्षणिक कार्यों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

जनसुनवाई में ग्राम सुनपुरा निवासी श्री विनोद यादव ने राशन पात्रता पर्ची में अपने माता-पिता के नाम सम्मिलित करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। मामले को संज्ञान में लेकर पात्रता के अनुरूप आवेदक एवं उनके माता-पिता के नाम राशन पात्रता पर्ची में शामिल कर योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में विदिशा की सिंधी कॉलोनी, पटेल गार्डन के पास निवासी श्री भगवती प्रसाद सोनी ने सीवर लाइन की साफ-सफाई कराने संबंधी आवेदन दिया। वहीं श्री रामकृष्ण मंदिर महावर कोली समाज सेवा समिति ने मंदिर की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।

आवेदक श्री कमर लाल, हरिराम एवं चिरोंजी लाल ने लटेरी तहसील के ग्राम वीरपुर में उनकी भूमि का नक्शे में संशोधन कर भूमि की सही स्थिति दर्ज कराने का आवेदन दिया। वहीं हथियाखेड़ी निवासी श्री अमित सिंह दांगी ने पुराने नक्शे की प्रति उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सभी आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में प्राप्त अन्य आवेदनों का भी संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। आज संपन्न जंक्शन बाय कार्यक्रम में 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे जिनमें से 152 से अधिक आवेदनों का निराकरण हुआ है। शेष लंबित आवेदनों का समय सीमा में निराकरण किये जाने का कार्य संबंधित विभागों द्वारा किया जा रहा है।