कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने आज बड़ौराघाट स्थित वितरण संघ गोदाम का निरीक्षण कर रबी सीजन के दौरान संचालित खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों को सुगमता एवं कम समय में खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी वितरण केंद्रों पर काउंटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए केंद्रों पर अनावश्यक रूप से अधिक समय तक इंतजार न करना पड़े। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय के निर्देशानुसार बड़ौराघाट केंद्र पर वर्तमान में संचालित दो काउंटरों की संख्या बढ़ाकर चार किए गए हैं एवं जिले के अन्य सभी वितरण केंद्रों पर भी काउंटर बढ़ाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की संख्या एवं आवश्यकता को देखते हुए वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, जिससे खाद वितरण कार्य सुचारू रूप से संचालित हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र पर उपस्थित कृषकों से संवाद कर खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को बताया कि जिन किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है, वे भी खाद प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए ई-विकास पोर्टल पर आवेदन करते समय ‘फॉर्मर आईडी नहीं है’ वाले विकल्प का चयन कर सही तरीके से आवेदन करना होगा। आवेदन के उपरांत संबंधित राजस्व अधिकारी द्वारा उसका अनुमोदन किया जाएगा, जिसके बाद किसान को टोकन जारी हो सकेगा। कलेक्टर ने किसानों से अपील की कि वे कंप्यूटर अथवा मोबाइल के माध्यम से ई-विकास पोर्टल पर आवेदन करते समय अपनी सुविधा एवं निकटता के अनुसार पसंदीदा खाद वितरण केंद्र का चयन करें, ताकि उन्हें खाद प्राप्त करने में आसानी हो।
किसानों की सुविधा के लिए खाद वितरण केंद्रों पर बढ़ाए जाएंगे काउंटर, कलेक्टर ने दिए निर्देश बड़ौराघाट वितरण संघ गोदाम का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था का लिया जायजा, किसानों से किया संवाद

ढिंढोरा संवाददाता · 17 नवंबर 2026 · 2 मिनट



