रीवा जिले में हुए बलराम कृषि महोत्सव को सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। उन्होंने किसानों को बताया कि स्लीमनाबाद टनल का काम तेजी से पूरा होने की ओर है और इसके पूरा होते ही रीवा के खेतों तक नर्मदा का पानी पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती में रीवा का जवाब नहीं। किसानों की मेहनत से यहां धान, गेहूं, चना, मसूर, अलसी और सोयाबीन का भरपूर उत्पादन हुआ है।

1.32 लाख हेक्टेयर में सिंचाई

मुख्यमंत्री के अनुसार त्योंथर, लोंही, सिरमौर और सेमरिया की सिंचाई परियोजनाएं पूरी होने पर करीब 1 लाख 32 हजार हेक्टेयर जमीन को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे सिंचाई के साथ पेयजल की उपलब्धता भी बढ़ेगी।

पट्टेधारकों को नि:शुल्क रजिस्ट्री

मुख्यमंत्री ने घोषणा दोहराई कि जिनके पास जमीन के पट्टे हैं लेकिन रजिस्ट्री नहीं हुई है, ऐसे सभी पट्टेधारकों की रजिस्ट्री सरकार नि:शुल्क कराएगी। ऐसे लगभग 50 लाख पट्टों की रजिस्ट्री का शुल्क, करीब 4 हजार करोड़ रुपये, राज्य सरकार वहन करेगी।

प्राकृतिक खेती का क्लस्टर

रीवा जिले में एक हजार हेक्टेयर क्षेत्र को नैचुरल फार्मिंग क्लस्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है। बसामन मामा गो-अभयारण्य में चल रहे प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण केंद्र में किसानों को जीवामृत और घन जीवामृत बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चार प्रगतिशील किसानों से बात की, जिन्होंने बताया कि उन्नत यंत्रों और जैविक खाद से खेती में ज्यादा फायदा हो रहा है।