पेंच टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक एवं उप संचालक के मार्गदर्शन में ईको विकास समिति थोटामाल एवं कान्हासागर के अंतर्गत किसानों की फसल सुरक्षा के लिए 25 सोलर फेंसिंग मशीनों का वितरण चौरई विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सुजीत चौधरी की उपस्थिति में किया गया।थोटामाल एवं कान्हासागर ग्राम पेंच टाइगर रिजर्व के वन्यजीव बहुल बफर क्षेत्र में स्थित हैं। यहां नीलगाय, जंगली सूअर, चीतल, सांभर सहित अन्य वन्यप्राणियों एवं आवारा पशुओं द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने से किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है। इससे किसानों की आजीविका प्रभावित होने के साथ ही वन्यजीव संरक्षण के प्रति नकारात्मक भावना उत्पन्न होने की आशंका भी रहती है। सोलर फेंसिंग मशीनों के वितरण से इस समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।उक्त मशीनें ईको विकास समितियों की स्वयं की निधि से क्रय की गई हैं। समिति को यह निधि काष्ठ लाभांश तथा पेंच टाइगर रिजर्व के पर्यटन प्रवेश द्वारों से प्राप्त होने वाली आय में ग्राम को मिलने वाले अंश से प्राप्त हुई है। यह पहल दर्शाती है कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण से स्थानीय ग्रामीणों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है और संरक्षण कार्यों में उनकी भागीदारी भी बढ़ रही है।वन अधिकारियों के मार्गदर्शन में ग्राम विकास एवं मानव-वन्यजीव द्वंद्व को कम करने के उद्देश्य से ईको विकास समिति थोटामाल एवं कान्हासागर की आमसभा में सोलर फेंसिंग इकाइयों के क्रय एवं वितरण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इसी के तहत सर्वाधिक प्रभावित किसानों को प्राथमिकता देते हुए चरणबद्ध रूप से मशीनों का वितरण किया जा रहा है।पेंच टाइगर रिजर्व, सिवनी एवं छिंदवाड़ा के अंतर्गत आने वाले वन परिक्षेत्रों में अब तक कुल 1,461 सोलर फेंसिंग मशीनों का वितरण किया जा चुका है। इस योजना से 90 ग्रामों के किसानों को लाभ मिला है तथा वन सीमा से लगे लगभग 2,922 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को फसल सुरक्षा प्राप्त हुई है।सोलर फेंसिंग मशीनों की स्थापना से रात्रि के समय वन्यप्राणियों द्वारा फसलों को पहुंचाए जाने वाले नुकसान पर प्रभावी नियंत्रण में सहायता मिल रही है। इसके परिणामस्वरूप फसल उत्पादन में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि होने की जानकारी प्राप्त हुई है। इससे किसानों की आय में बढ़ोतरी के साथ ही वन्यजीवों के प्रति प्रतिशोधात्मक भावना में कमी लाने में भी मदद मिल रही है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री सुजीत चौधरी ने बफर क्षेत्र से लगे ग्रामों में सोलर फेंसिंग मशीनों के वितरण की सराहना की तथा ग्रामीणों से वन विभाग को सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी ग्रामीण प्रतिबंधित कोर क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी, मत्स्याखेट अथवा अन्य वनोपज प्राप्त करने के उद्देश्य से प्रवेश न करे। इस प्रकार की गतिविधियों से मानव-वन्यजीव द्वंद्व बढ़ने के साथ ही जनहानि का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने मानव जीवन में वनों एवं वन्यजीवों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके संरक्षण में जनसहभागिता को आवश्यक बताया।इस अवसर पर ईको विकास समिति थोटामाल के अध्यक्ष श्री अंगद सिंह पटेल तथा कान्हासागर के अध्यक्ष श्री समर सिंह धुर्वे सहित समिति के सदस्यों ने संकल्प लिया कि प्रतिबंधित वन क्षेत्र में जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध समिति के स्तर पर नियमानुसार अर्थदंड लगाने सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।कार्यक्रम में सहायक वन संरक्षक, छिंदवाड़ा क्षेत्र, पेंच टाइगर रिजर्व श्री एस.एस. कल्वेलिया, परिक्षेत्र अधिकारी कुंभपानी श्री प्रेमनारायण ठाकुर, ईको विकास समिति थोटामाल के अध्यक्ष श्री अंगद सिंह पटेल, ईको विकास समिति कान्हासागर के अध्यक्ष श्री समर सिंह धुर्वे, परिक्षेत्र सहायक श्री सुखराम उईके एवं श्री परसराम उईके, बीट प्रभारी श्री पवन सहरिया, श्री कन्हैयालाल धुर्वे, कु. छाया मरावी, वनरक्षक श्री सूरज भारती, सुरक्षा श्रमिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
किसानों की फसल सुरक्षा के लिए 25 सोलर फेंसिंग मशीनों का वितरण

ढिंढोरा संवाददाता · 23 अक्टूबर 2026 · 5 मिनट


