कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने ग्राम जमुनिया में श्री नन्दराम बघेले द्वारा संचालित जय माई डेयरी का निरीक्षण किया। उन्होंने डेयरी में पशुओं की देखभाल, दूध उत्पादन, पशु आहार एवं डेयरी संचालन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा हितग्राही से व्यवसाय के विस्तार की कार्ययोजना पर चर्चा की।जय माई डेयरी में वर्तमान में करीब 40 पशुओं का पालन किया जा रहा है और प्रतिदिन लगभग 600 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। श्री नन्दराम ने कलेक्टर को बताया कि वे डेयरी का विस्तार कर दूध उत्पादन को बढ़ाकर प्रतिदिन 2000 लीटर तक पहुंचाने की योजना पर कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर ने उनकी आगामी योजना की जानकारी लेते हुए व्यवसाय को और व्यवस्थित एवं लाभकारी बनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।कलेक्टर श्रीमती मीना ने श्री नन्दराम के डेयरी व्यवसाय के विस्तार के लिए पशुपालन विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हितग्राही की पात्रता एवं आवश्यकता के अनुसार योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पशु आहार निर्माण एवं मिल्क वैन के लिए भी विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।उल्लेखनीय है कि श्री नन्दराम बघेले ने भारतीय स्टेट बैंक सिवनी से प्राप्त वित्तीय सहयोग का उपयोग डेयरी व्यवसाय के विस्तार में किया है। बेहतर प्रबंधन और व्यवसाय के विस्तार से उनकी मासिक आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब वे जय माई डेयरी को और बड़े स्तर पर विकसित करने की तैयारी में हैं।कलेक्टर श्रीमती मीना ने कहा कि जिले में पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय के विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। उन्नत तरीके से पशुपालन कर रहे हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं से जोड़कर उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह की उपस्थित रही।