मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को उचेहरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत परसमनिया के कार्यालय में जन संवाद एवं जनसुनवाई की गतिविधियों के साथ आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रत्यक्ष जनसुनवाई में 67 आवेदकों की समस्यायें सुनी गई तथा विकासखण्ड में पूर्व की लंबित 3905 कुल सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में से 3150 शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया। इसके पूर्व जिला मुख्यालय सतना के कलेक्ट्रेट परिसर से कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह, डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते सहित जिला विभाग प्रमुख अधिकारी एक वाहन (ट्रेवलर) में बैठकर उचेहरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत परसमनिया के लिए रवाना हुए। परसमनिया पहुंचकर ग्राम पंचायत परिसर में कलेक्टर, एसपी और डीएफओ सहित विभाग प्रमुख अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण किया तथा स्थानीय स्तर पर जनसुनवाई में आये लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम में विधायक नागौद नागेन्द्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू, एसडीएम सुभाष मिश्रा, सीईओ जनपद पंचायत ओपी अस्थाना, सांसद प्रतिनिधि अतुल सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत परसमनिया के परिसर में कलेक्टर ने हितग्राही मूलक स्वरोजगार और रोजगार की योजनाओं की समीक्षा की। अभियान के दौरान सभी विभागों ने उनके यहां लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का मौके पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण की कार्यवाही की। जनसुनवाई में 67 आवेदकों की समस्यायें सुनी गई और 3150 सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया। शिविर के पूर्व विकासखण्ड उचेहरा में सभी विभागों की कुल 3905 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित थी। जिनमें 3150 शिकायतों की मौके पर निराकरण के पश्चात 755 शिकायतें शेष रही है। इस मौके पर ग्राम पंचायत के सरपंचों को विधायक नागौद नागेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी द्वारा जल परीक्षण किट (एफटीके) का वितरण किया गया।



