मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सतना शहर के नगर निगम के सभागार में जन संवाद, जनसुनवाई, उद्योग संवाद की गतिविधियों के साथ आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रत्यक्ष जनसुनवाई में 58 आवेदनों की समस्यायें सुनी गई तथा नगर निगम सतना क्षेत्र में अभियान के पूर्व की लंबित 14647 कुल सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में से 11264 शिकायतों का अभियान के दौरान निराकरण किया गया। नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी और सांसद सतना गणेश सिंह की विशेष उपस्थिति में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार, स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, कमिश्नर नगर निगम डॉ. नार्गाजुन बी. गौडा, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, स्मार्ट सिटी के डायरेक्टर महेन्द्र पाण्डेय सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

नगर निगम के सभागार में राज्यमंत्री श्रीमती बागरी सहित सांसद, महापौर, स्पीकर, कलेक्टर, एसपी, निगमायुक्त सहित विभाग प्रमुख अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और निराकरण की कार्यवाही की। विभागीय अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण किया तथा स्थानीय स्तर पर जनसुनवाई में आये लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

अभियान के दौरान सभी विभागों ने उनके यहां लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का मौके पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण की कार्यवाही की। जनसुनवाई में 58 आवेदकों की समस्यायें सुनी गई और अभियान के पूर्व से लंबित 11264 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया। अभियान के पूर्व नगर निगम सतना क्षेत्र में सभी विभागों की कुल 14647 सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित थी। जिनमें 11264 शिकायतों की अभियान के दौरान निराकरण के पश्चात 3383 शिकायतें शेष रही है। शिविर के दौरान संबल योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के परिजनों को अंत्येष्टि सहायता की राशि भी प्रदान की गई।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित 75 प्रतिशत शिकायतों हुई कम-राज्यमंत्री

नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में जिला प्रशासन और सरकारी की सीधी पहुंच के लिए जनसुनवाई और जन समस्या निराकरण के सशक्त मंच का विस्तार करते हुए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों में लगभग 75 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण कर उन्हें कम किया गया है। यह इस कार्यक्रम की सफलता का द्योतक है। उन्होंने आमजन को जन समस्या के निराकरण का सशक्त मंच उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित किया। राज्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को प्राप्त होने वाली अधिकांश जनता की शिकायतें कोलोनाइजर द्वारा सडक, नाली, बिजली, विद्युत जैसी आधारभूत सुविधायें नहीं उपलब्ध कराने की होती है। फिर भी नगर निगम और नगरीय निकायों द्वारा ऐसी शिकायतों का निराकरण कर कार्य कराये जाते है। नगर निगम सतना द्वारा ऐसी कॉलोनियों में लगभग 300 किमी लम्बाई की सडक बनाई गई है। सतना नगर निगम में सीवर के कार्यो के रेस्टोरेशन के कारण खराब सडकों का सुधार कार्य जारी है।

अभियान में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का मौके पर समाधान होगा-सांसद

सतना सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन समस्या निराकरण और जनसुनवाई के पूर्व में क्रियान्वित सभी फोरम के साथ इनकी मानीटरिंग और समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया है। लोकतंत्र में वहीं सरकार श्रेष्ठ होती है जो जनभावनाओं और जनपेक्षा के अनुरूप जनता के हित में कार्य करती है और जनता का विश्वास हासिल करती है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में लंबित सीएम हेल्पलाइन की अर्से से लंबित शिकायतों का मौके पर समाधान हो रहा है। आमजन इन शिविरों में उपस्थित होकर अपनी लंबित शिकायतों का प्रत्यक्ष में निराकरण करा सकते है। उन्होंने कहा कि जनसुविधा और विकास के कार्यो तथा विशिष्ट परियोजनाओं में अच्छा कार्य हुआ है तो उसको प्रोत्साहन भी मिलना चाहिए। सभी जिलों में जिले की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए तैयार की गई जिला विकास पुस्तिका की सराहना करते हुए सांसद ने कहा कि सम्पूर्ण जिले में सभी विभागों की उपलब्धियों को संकलित कर जिला विकास पुस्तिका प्रकाशित की जानी चाहिए। महापौर श्री योगेश ताम्रकार ने कहा कि कई बार जनसुनवाई में लोगों की समस्या का निराकरण तत्काल नहीं हो पाता है। ऐसी समस्यायें मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में मौके पर निराकृत हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जनसमयाओं के मौके पर निराकरण के लिए संचालित जन विश्वास अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सहभागी की भूमिका में तत्पर है। स्पीकर नगर निगम राजेश चतुर्वेदी ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया।