वर्ष 2026-27 के लिए जलाशयों में वर्तमान जलभराव की स्थिति और रबी सिंचाई के लक्ष्य निर्धारण के संबंध में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जलाशयों के उद्देश्य, वर्तमान जलभराव, विभिन्न सिंचाई योजनाओं व परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही, रबी फसलों की सिंचाई और पेयजल के लिए जल आरक्षण पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी संबंधित जलाशयों के गेट खोलकर सिंचाई के वास्ते पानी छोड़ने के निर्देश दिए गए। बंडा विधायक श्री वीरेन्द्र सिंह ने निर्देशित किया कि किसानों को रबी सिंचाई हेतु समय पर पर्याप्त पानी मिलना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नहरों की समय पर साफ-सफाई कराने और निर्धारित सिंचाई कार्यक्रम के मुताबिक नहरें संचालित करने पर जोर दिया गया, जिससे किसानों को खेतों तक पानी पहुँचाने में किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने सिंचाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी बनाए रखने और जल वितरण में उचित समन्वय रखने के भी निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत ने सुरखी क्षेत्र की परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए कार्यों में आ रही त्रुटियों की कड़ी समीक्षा की। निर्धारित एजेंसी द्वारा किए गए सर्वे में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी प्रकट की और पुनः सर्वे कराने के की बात कही। उन्होंने मिडवासा परियोजना, लांच परियोजना और सिंदूर-बिरांझ संयुक्त वृहद परियोजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति जानी। साथ ही, बेबस नदी परियोजना का कार्य शीघ्र पूरा कराने और संबंधित एजेंसी को तलब कर कार्यों तथा संसाधनों की संपूर्ण जांच करवाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजपूत ने पलेवा सिंचाई व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कृषि उपसंचालक को निर्देश दिए कि वे किसानों को कम पानी की आवश्यकता वाली और एक-दो पानी में पकने वाली फसलों की खेती के प्रति जागरूक करें। कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं जिला जल उपयोगिता समिति के सचिव श्री अभिनव सिंह से नहरों की सफाई, पानी छोड़ने की तैयारियों और समग्र सिंचाई व्यवस्था के संबंध मे निर्देशित किया। उन्होंने कृषि उपसंचालक को कम पानी की खपत वाली फसलों के व्यापक प्रचार-प्रसार और किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए ताकि उपलब्ध जल संसाधनों का कुशलतम उपयोग संभव हो सके। कलेक्टर ने सभी एसडीओ और संबंधित अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि वे कल 12 नवंबर को सुबह 8 बजे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पहुंचकर जलाशयों और नहरों की मॉनिटरिंग करें तथा तय व्यवस्था के अनुरूप पानी का प्रवाह सुनिश्चित कराएं। आवश्यकतानुसार मुनादी करवाकर किसानों को भी पानी छोड़े जाने की समय पर सूचना देने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवेंद्र सिंह, जिला जल उपयोगिता समिति के सचिव एवं कार्यपालन यंत्री जल संसाधन संभाग क्रमांक-1 श्री अभिनव सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।