मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत विकासखंड मालथोन में खंड स्तरीय शिविर एवं उद्यम संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों और शासकीय योजनाओं के सफल हितग्राहियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कर युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सफल उद्यमी योगेश जैन ने अपनी उद्यम यात्रा साझा करते हुए बताया कि देवी अहिल्या बाई होलकर कॉलेज, इंदौर से एमएससी (डायटेटिक्स) की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपने गृह क्षेत्र में उद्योग स्थापित कर स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत ऋण लेकर एक मशीन से केबल निर्माण इकाई 'एवी कैबल्स' की शुरुआत की थी। शुरुआत में 5 से 6 लोगों को रोजगार देने वाली यह इकाई आज शासन के सहयोग से ₹2.5 करोड़ के निवेश स्तर तक पहुंच चुकी है। वर्तमान में इस उद्योग में 30 स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। इसी क्रम में हितग्राही सुधांशु जैन ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से ₹10 लाख का ऋण स्वीकृत कराया। इस राशि से उन्होंने अपने पिता की छोटी आटा चक्की का विस्तार कर आधुनिक आटा मिल स्थापित की। वर्तमान में उनकी इकाई के माध्यम से 5 से 6 लोगों को नियमित रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से युवा बन सकते हैं आत्मनिर्भर शिविर में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना युवाओं को स्वयं का व्यवसाय एवं उद्योग स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का माध्यम है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जाता है। साथ ही ऋण गारंटी शुल्क की 100 प्रतिशत प्रतिपूर्ति शासन द्वारा किए जाने का प्रावधान है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं उत्तीर्ण तथा आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित है। अधिकारियों ने युवाओं एवं नागरिकों से शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने का आह्वान किया। योजना की विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए इच्छुक आवेदक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, तिली रोड, सागर में संपर्क कर सकते हैं।
मालथोन में उद्यम संवाद का आयोजन, सफल उद्यमियों ने साझा की अपनी प्रेरक कहानी
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित, योगेश जैन ने ₹2.5 करोड़ के निवेश से 30 लोगों को दिया रोजगार
ढिंढोरा संवाददाता · 30 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट



