सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 'कहानी सेवा की' श्रृंखला में आज हम बात कर रहे हैं सागर जिले के विकासखंड रहली के ग्राम पटना बुजुर्ग के प्रगतिशील कृषक श्री पुष्पेन्द्र कुर्मी की, जिन्होंने परंपरागत खेती के साथ उन्नत पशुपालन को अपनाकर एक मिसाल कायम की है। उन्होंने अपने खेत पर आधुनिक मक्का साइलेज यूनिट स्थापित की है, जिसके माध्यम से मक्का की फसल से पौष्टिक साइलेज तैयार कर पशुओं के लिए सालभर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। श्री पुष्पेन्द्र कुर्मी की मक्का साइलेज यूनिट ट्रैक्टर से संचालित होती है, जिससे परिवहन लागत कम करने में मदद मिलती है। साइलेज के उपयोग से पशुओं को पौष्टिक चारा उपलब्ध होता है। इससे दुग्ध उत्पादन में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि, पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार और चारे की बर्बादी में कमी जैसे लाभ मिल रहे हैं। यह तकनीक कम लागत में बेहतर लाभ प्राप्त करने की दिशा में उपयोगी साबित हो रही है। श्री पुष्पेन्द्र कुर्मी का यह प्रयास क्षेत्र के अन्य पशुपालक किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है। कृषि विभाग, रहली द्वारा किसानों से उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर पशुपालन को लाभकारी बनाने और अपनी आय में वृद्धि करने की अपील की गई है।
मक्का साइलेज यूनिट से पशुपालन को मिल रही नई दिशा, प्रगतिशील कृषक पुष्पेन्द्र कुर्मी की प्रेरणादायक सफलता
ढिंढोरा संवाददाता · 16 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट



