सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 'कहानी सेवा की' श्रृंखला में आज हम बात कर रहे हैं सागर जिले के नगर परिषद शाहपुर के ग्राम धुरा निवासी प्रगतिशील किसान श्री सत्यम वैद्य की, जो आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने के साथ ही अन्य किसानों को भी उन्नत खेती के लिए प्रेरित कर रहे हैं। श्री सत्यम वैद्य शिक्षित किसान हैं और उन्होंने बी.ए. तक शिक्षा प्राप्त की है। उनके पास लगभग 45 एकड़ कृषि भूमि है, जिस पर वे गेहूँ, मक्का, मसूर, मूँगफली एवं सोयाबीन जैसी विभिन्न फसलों की खेती करते हैं। वे परंपरागत कृषि पद्धतियों के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इस वर्ष उन्होंने सोयाबीन की खेती में रिज एवं बेड (Ridge and Bed) पद्धति अपनाई, जिससे उन्हें अच्छा उत्पादन प्राप्त हुआ। यह पद्धति जल निकास और फसल की बेहतर वृद्धि में उपयोगी है। श्री वैद्य स्वयं उन्नत खेती करने के साथ ही क्षेत्र के अन्य किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत फसल उत्पादन विधियों और कृषि संबंधी नवीन जानकारियों से अवगत कराते हैं। वे अपने अनुभवों एवं उपयोगी जानकारियों को यू-ट्यूब वीडियो के माध्यम से साझा करते हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें। उनका प्रयास किसानों को नई तकनीकों के प्रति जागरूक कर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। श्री सत्यम वैद्य का यह नवाचार और किसान हित में किया जा रहा प्रयास क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्नत कृषि तकनीकों से खेती कर किसानों को प्रेरित कर रहे श्री सत्यम वैद्य
ढिंढोरा संवाददाता · 16 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट



