सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 'कहानी सेवा की' श्रृंखला में आज हम बात कर रहे हैं जिले के बंडा विकासखंड अंतर्गत धवौली ग्राम पंचायत के प्रगतिशील कृषक श्री रति अहिरवार की, जिन्होंने आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर नरवाई प्रबंधन और फसल उत्पादन में सफलता प्राप्त की है। पहले श्री रति अहिरवार मक्का की कटाई के बाद खेत में बची नरवाई को जलाते थे। इससे मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती थी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता था। कृषि विभाग के मार्गदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रमों से प्रेरित होकर उन्होंने सुपर सीडर मशीन से नरवाई प्रबंधन की तकनीक अपनाई। अब वे मक्का की कटाई के बाद नरवाई जलाए बिना सीधे गेहूं की बुवाई करते हैं। इस तकनीक से खेत की नमी संरक्षित रहती है और नरवाई मिट्टी में मिलकर जैविक खाद का कार्य करती है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार, खेत की तैयारी में समय की बचत तथा खेती की लागत में कमी आई। साथ ही गेहूं के उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं की रोकथाम के लिए कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विभाग द्वारा अनुदान पर सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, मल्चर एवं अन्य कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन यंत्रों की सहायता से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर नरवाई जलाने की आवश्यकता को कम किया जा सकता है।
सुपर सीडर से नरवाई प्रबंधन कर प्रगतिशील कृषक श्री रति अहिरवार ने बढ़ाया फसल उत्पादन
नरवाई जलाने की परंपरा छोड़ी, खेती की लागत में कमी और समय की बचत
ढिंढोरा संवाददाता · 14 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट



