मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर श्री एम.के. शर्मा के मार्गदर्शन और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अंकित श्रीवास्तव के निर्देशन में मेगा ड्राइव अंतर्गत तहसील गढ़ाकोटा के ग्राम हरदी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

ग्राम हरदी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किए जाने के उद्देश्य से आज ग्रामवासियों के आधार कार्ड, श्रमिक कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं संबल कार्ड बनाए जाने तथा शासन एवं नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में गढ़ाकोटा के सिविल जज एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति श्री अम्बर श्रीवास्तव, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती दिव्या भलावी, तहसीलदार श्री महेश दुबे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलेंटियर श्री युनिस खान, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सिविल जज एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति श्री अम्बर श्रीवास्तव ने श्रमिक कार्ड की उपयोगिता एवं उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि असंगठित क्षेत्र के कामगारों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने में श्रमिक कार्ड महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने पंजीकृत श्रमिकों को मिलने वाले विभिन्न लाभों तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामवासियों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

साथ ही नशा पीड़ित व्यक्तियों के लिए विधिक सेवाएं योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती दिव्या भलावी ने नालसा की बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं योजना एवं शिक्षा संबंधी विधिक सेवाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत बच्चों की सुरक्षा एवं उनके विधिक अधिकारों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।

शिविर के दौरान ग्रामवासियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिए दस्तावेज निर्माण एवं वितरण की कार्रवाई की गई। लगभग 160 आधार कार्ड बनाए गए, संबल योजना अंतर्गत 50 संबल कार्ड बनाए गए, 131 आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा 58 नवीन आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को उनके अधिकारों, विधिक सहायता एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।