रीवा और मऊगंज जिले में किसानों को रबी फसल के लिए खाद की नियमित आपूर्ति की जा रही है। किसानों को सहकारी समितियों विपणन संघ के डबल लाक सेंटर तथा निजी विक्रेताओं के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जा रही है। इस संबंध में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि रीवा और मऊगंज जिले में रबी फसल के लिए अब तक 25752 टन यूरिया, 4868 टन डीएपी, 14548 टन एनपीके तथा 5708 टन सिंगल सुपर फास्फेट खाद भण्डारित की जा चुकी है। अब तक किसानों को 13030 टन यूरिया, 3403 टन डीएपी, 6085 टन एनपीके एवं 617 टन सिंगल सुपर फास्फेट का वितरण किया जा चुका है। किसानों को ई टोकन के माध्यम से सहकारी समितियों, डबल लाक सेंटर एवं निजी विक्रेताओं से खाद वितरित की जा रही है। रीवा और मऊगंज जिलों में 16 नवम्बर की स्थिति में 12752 टन यूरिया, 1466 टन डीएपी, 4863 टन एनपीके तथा 5091 टन सिंगल सुपर फास्फेट किसानों को वितरण के लिए उपलब्ध है। दोनों जिलों में खाद की रैक लगातार प्राप्त हो रही हैं। किसानों को खाद के वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। सहकारी समितियों में खाद के प्राप्त होने तथा वितरण की स्थिति में प्रतिदिन परिवर्तन होता है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक एवं विपणन संस्थाओं के समन्वय से सहकारी समितियों में लगातार खाद उपलब्ध कराई जा रही है।
रीवा और मऊगंज जिले में भण्डारित है 25775 टन यूरिया तथा 4868 टन डीएपी
ढिंढोरा संवाददाता · 16 नवंबर 2026 · 2 मिनट



