आगामी देव प्रबोधनी एकादशी से परंपरागत विवाह शुरू हो जाएंगे। सामाजिक जागरूकता और शिक्षा के विकास के साथ अब बाल विवाह लगभग बंद हो गया है। अभी भी एकात बाल विवाह की घटनाएं सुनने को मिलती हैं। इन्हें रोकने के लिए बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने कहा है कि बाल विवाह रोकने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाएं। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है। शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा सामाजिक संगठन मिलकर बाल विवाह रोकने के संबंध में समन्वित प्रयास करें। यह अभियान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चलाया जाएगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा है कि सभी ग्राम पंचायतों में बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा कानूनी प्रावधानों के संबंध में जानकारी दी जाए। स्कूलों तथा कालेजों में इसके संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। ग्राम सभाओं में बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दें। महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा पर्यवेक्षक लोगों को लगातार जागरूक करें। बाल विवाह के संबंध में सूचना मिलने पर तत्काल सक्षम अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। पुलिस विभाग के अधिकारी बाल विवाह के संबंध में सूचना मिलने पर तत्परता से कार्यवाही करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सभी स्कूल तथा कालेजों में चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से किशोर-किशोरियों एवं युवाओं को कम आयु में विवाह करने से स्वास्थ्य पर होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दें। उन्हें स्वास्थ्य रक्षा तथा सही आयु में विवाह करने के लिए प्रेरित करें। जिला श्रम पदाधिकारी श्रमिकों के बीच में जाकर सही आयु में विवाह के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। जिला शिक्षा अधिकारी तथा अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा शिक्षण संस्थानों में बाल विवाह रोकने के संबंध में निबंध, भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम आयोजित कराएं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन में स्वयंसेवी संस्थाओं को भी सहभागी बनाएं। ग्राम पंचायतों तथा शैक्षणिक संस्थानों में बाल विवाह निषेध के संबंध में सामूहिक रूप से शपथ और संकल्प दिलाने के कार्यक्रम आयोजित कराएं। सबके सामूहिक प्रयासों से ही बाल विवाह मुक्त भारत अभियान सफल होगा।



