भारत सरकार की विकास संचार और सूचना प्रसार (DCID) योजना के तहत आंध्र प्रदेश के मीडिया दौरे पर आए राजस्थान के पत्रकारों के दल ने अपने दौरे के चौथे दिन विशाखापट्टनम के निकट प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्र अराकू वैली का दौरा किया। जयपुर के सहायक निदेशक श्री अमित कनौजिया की अगुवाई में इस मीडिया दल ने अराकू में कॉफी प्लांटेशन (कॉफ़ी बागानों) का जमीनी स्तर पर फील्ड विजिट किया और इसकी बारीकियों को समझा।

दौरे के दौरान भारतीय कॉफी बोर्ड (Coffee Board of India) के आंध्र प्रदेश में राज्य संपर्क अधिकारी श्री एस. रमेश ने मीडिया दल का मार्गदर्शन किया। श्री एस. रमेश ने पत्रकारों को फील्ड में ले जाकर कॉफी के पौधों की देखरेख, विभिन्न प्रजातियों की खेती और कच्चे बीन्स से लेकर फाइनल कॉफी प्रोडक्ट (तैयार उत्पाद) तैयार करने की पूरी वैज्ञानिक व तकनीकी प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान से आए पत्रकारों के दल के साथ कॉफी प्लांट की विशेषताएं, प्रसंस्करण (Processing), रोस्टिंग और पैकेजिंग इकाइयों के बारे में आवश्यक तकनीकी जानकारी साझा की।

स्थानीय जनजातीय किसानों से सीधा संवाद और सफलता की कहानी

मीडिया दल को ग्राउंड जीरो पर वास्तविक प्रभाव दिखाने के लिए कॉफी बोर्ड द्वारा अराकू घाटी में कॉफी की खेती करने वाले स्थानीय जनजातीय किसानों से मिलवाया गया। पत्रकारों ने इन किसानों से सीधा संवाद कर जाना कि किस तरह केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, तकनीकी सहायता और बाजार उपलब्ध कराने वाली पहलों के माध्यम से उनकी आय में बढ़ोतरी हुई है और वे आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं। इसके बाद दल ने प्रसिद्ध 'कॉफी म्यूजियम' (Coffee Museum) का भी दौरा किया, जहाँ अराकू कॉफी के ऐतिहासिक सफर और इसकी वैश्विक ब्रांडिंग की यात्रा को प्रदर्शित किया गया है।

क्या है इस मीडिया भ्रमण का उद्देश्य (DCID योजना)

उल्लेखनीय है कि यह देशव्यापी मीडिया भ्रमण भारत सरकार की विकास संचार और सूचना प्रसार (DCID) योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना विकास (Infrastructure Development) कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को मीडिया के माध्यम से प्रदर्शित करना है। इसके जरिए सुदूर क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक बदलावों और सफल मॉडलों की जानकारी को व्यापक स्तर पर जन-जन तक प्रसारित किया जाता है, जिससे देश के अन्य हिस्से भी इन कल्याणकारी नीतियों से प्रेरित हो सकें।