प्रदेश के नए जिले मऊगंज में बलराम कृषि महोत्सव हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय से वर्चुअली जुड़कर किसानों को संबोधित किया और डोल ग्यारस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि सरकार का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में किसानों को दिन में ही 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि रात में खेतों में सिंचाई के लिए जागना न पड़े। उन्होंने कहा कि मऊगंज भले नया जिला है, लेकिन प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत और लोगों की मेहनत से यहां तेजी से विकास हो रहा है।

कम लागत, नई फसलें

डॉ. यादव ने कहा कि किसान नीम कोटेड यूरिया, नैनो यूरिया, उन्नत बीज और प्राकृतिक खेती से कम लागत में अधिक उत्पादन कर रहे हैं। उद्यानिकी में स्ट्रॉबेरी, काला आलू, खास किस्म के तरबूज और मखाने जैसी नवाचार आधारित खेती को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मऊगंज के टमाटर और प्याज के स्वाद के लोग दीवाने हैं।

सिंचाई की बड़ी परियोजनाएं

मुख्यमंत्री के अनुसार सीतापुर-हनुमना सूक्ष्म दाब सिंचाई योजना का काम तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने पर 1 लाख 20 हजार हेक्टेयर जमीन को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। मऊगंज जिले में गौरमा, नैना और गाड़ा तीन बड़े बांध हैं और नई गढ़ी सूक्ष्म दाब सिंचाई परियोजना पर भी काम चल रहा है।

उन्होंने मत्स्य पालन, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण को किसानों की आय बढ़ाने का जरिया बताया और कहा कि जिले में कृषि आधारित उद्योग लगें, यह सरकार का लक्ष्य है।