मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को गरोठ क्षेत्र के चंदवासा में टप्पा तहसील का शुभारंभ स्थानीय विधायक श्री हरदीप सिंह डंग तथा कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए विधायक श्री हरदीप सिंह डंग ने कहा कि चंदवासा में टप्पा तहसील शुभारंभ से ग्रामीणों के समय तथा धन की बचत होगी कार्य शीघ्रता से पूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश शासन विकास के लिए कृत संकल्पित है क्षेत्र को विकास की कई सौगात मिली है आवरा आवरी की पुलिया शीघ्र बनने वाली है मेलखेड़ा से चंदवासा डिवाइडर रोड बनने जा रहा है यहां के सांदीपनि विद्यालय सहित और भी कई विकास कार्य किए गए हैं। क्षेत्र को विकास की सौगात देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद देते हुए विधायक श्री डंग ने कहा कि कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह विकास के क्षेत्र में अत्यंत सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रहे हैं वे उपज से उद्यम योजना द्वारा किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए किसानों के क्लस्टर बना रहे हैं योजना के माध्यम से किसानों को अधिक आमदनी मिलेगी फसलों की ब्रांडिंग तथा मार्केटिंग की जाएगी।

कार्यक्रम को श्रीमती नीलकमल मेहता ने भी संबोधित किया। एसडीएम श्री राहुल चौहान भी उपस्थित थे।