मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने ग्राम सूतरेटी में उन्नत कृषक श्री मुकेश भूरिया के खेत एवं जैव संसाधन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने प्राकृतिक खेती, जैविक उत्पादों के निर्माण, उत्पादन क्षमता एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्राकृतिक खेती के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी बताया।

प्राकृतिक खेती से समृद्धि की राह पर मुकेश भूरिया

उन्नत कृषक श्री मुकेश भूरिया ने प्राकृतिक खेती को अपनाकर न केवल अपनी कृषि लागत को कम किया है, बल्कि जैविक उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय से आय के नए स्रोत भी विकसित किए हैं। उनके द्वारा जैव संसाधन केंद्र के माध्यम से जीवामृत, केंचुआ खाद एवं जैविक चटनी सहित विभिन्न प्राकृतिक कृषि उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इस पहल से लगभग 250 व्यक्ति जुड़े हुए हैं।

निरीक्षण के दौरान श्री भूरिया ने बताया कि केंद्र पर 45 दिनों में लगभग 10 हजार लीटर जीवामृत तैयार किया जाता है, जिसका विक्रय 40 रुपये प्रति लीटर की दर से किया जाता है। इससे लगभग 4 लाख रुपये की बिक्री होती है। वहीं, 150 क्विंटल केंचुआ खाद के उत्पादन से लगभग 2 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया जा रहा है। इस प्रकार जीवामृत एवं केंचुआ खाद के उत्पादन से श्री भूरिया लगभग 4 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल प्रस्तुत कर रहे हैं।

जैविक उत्पादों की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग में सहयोग करेगा जिला प्रशासन

कलेक्टर डॉ. भरसट ने जैविक उत्पादों की गुणवत्ता, प्रमाणीकरण (सर्टिफिकेशन), पैकेजिंग एवं विपणन व्यवस्था के संबंध में विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान जैविक उत्पादों से संबंधित 17 केंद्रों की जानकारी भी प्राप्त की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जैविक उत्पादों का एक विशिष्ट ब्रांड विकसित किया जाए, जिससे उत्पादों को बाजार में अलग पहचान मिल सके और किसानों की आय में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उत्पादों की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कलेक्टर ने स्वयं सहायता समूहों को इस पहल से जोड़ने तथा जिले के कम से कम 1000 किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से भूमि की उर्वरता में सुधार होने के साथ ही कृषि लागत में कमी आती है और किसानों की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होती है। ऐसे सफल कृषकों के अनुभवों का लाभ जिले के अन्य किसानों तक पहुंचाया जाए।

इस अवसर पर जागृति स्वयं सहायता समूह, सूतरेटी की सदस्यों से भी चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान नल-जल योजना के माध्यम से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग रखी गई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

प्राकृतिक खेती को अपनाकर श्री मुकेश भूरिया द्वारा विकसित जैव संसाधन केंद्र आज जिले के किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। उनकी यह सफलता दर्शाती है कि प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग, नवाचार एवं उद्यमशीलता के माध्यम से खेती को लाभ का व्यवसाय बनाते हुए आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थान्दला श्री भास्कर गाचले एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।