प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा का इंदौर जिले में उत्साहपूर्ण एवं आत्मीय स्वागत किया गया। जनसेवा, सुशासन और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकली यह यात्रा अनेक जिलों से होकर आगे बढ़ रही है।

वडनगर से प्रारंभ हुई सेवा यात्रा ने 22 सितंबर को इंदौर जिले में महू विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आसुखेड़ी से प्रवेश किया। इसके बाद यात्रा शेरपुर और दर्जनपुरा होते हुए मानपुर पहुंची, जहां यात्रियों का उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया तथा रात्रि विश्राम कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए, जहां स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों का आत्मीय अभिनंदन किया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री श्रवण सिंह चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री राकेश परमार सहित अन्य अधिकारी भी साथ थे।

मानपुर प्रवास के दौरान सेवा यात्रा में शामिल सदस्यों ने विभिन्न जनसेवा एवं सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता की। यात्रियों ने वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही यात्रियों ने नवोदय विद्यालय मानपुर पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके साथ समय बिताया। यात्रियों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू स्थित स्मारक पहुंचकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए तथा माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

यात्रा 23 सितंबर की सुबह मानपुर से पुनः प्रारंभ हुई। यात्रा यशवंत नगर, कुवाली, बिचौली, जामली, गवली पलासिया, डोंगरगांव, महू गांव, अंबेडकर नगर महू, गुर्जरखेड़ा, अंबा चंदन, मेमदी तथा सिमरोल फाटा सहित विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ी।

मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने यात्रियों का स्वागत किया। स्वागत के दौरान सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संदेश को लेकर उत्साह का वातावरण दिखाई दिया। इसके बाद यात्रा इंदौर जिले की सीमा पार कर देवास जिले में प्रवेश कर गई और आगे नेमावर की ओर रवाना हुई।