अच्छी फसल की शुरुआत अच्छे बीज से होती है। प्रदेश में प्रमाणित और हाइब्रिड बीज की उपलब्धता बढ़ाने के लिए सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग की अध्यक्षता में मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक हुई।
एक महीने में रिपोर्ट
मंत्री ने कहा कि एक हाई लेवल कमेटी बनाकर उच्च गुणवत्ता का बीज तैयार करने और दूसरे विभागों से समन्वय की रूपरेखा बनाई जाए। कमेटी में सहकारिता, कृषि, उद्यानिकी और कृषि विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि होंगे, जो एक महीने में विस्तृत रिपोर्ट देंगे।
श्री सारंग ने कहा कि दलहन के बीजों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देना होगा। पिछले साल बीज संघ ने जिस तरह पांच बीजों पर काम किया था, उसी तरह इस साल भी कार्ययोजना बनाई जाए।
बैठक में किन बातों पर चर्चा
बैठक में प्रमुख फसलों की बीज जरूरत और उपलब्धता, फसलवार अधिक और कम उत्पादकता वाले जिले, हाइब्रिड बीज की जरूरत, अगले पांच वर्षों का बीज उत्पादन कार्यक्रम, उद्यानिकी हाइब्रिड बीजों के लिए ढांचा और बीज उत्पादन-विपणन की मौजूदा बाधाओं पर बात हुई। कृषि उत्पादन आयुक्त के.सी. गुप्ता और बीज संघ के प्रबंध संचालक महेन्द्र दीक्षित सहित अधिकारी मौजूद रहे।




