षि विभाग द्वारा किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से 24 अक्टूबर को वारासिवनी विकासखंड के ग्राम सिकन्द्रा एवं कोस्ते में खेत बचाओ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में किसानों को पराली नहीं जलाने, प्राकृतिक खेती अपनाने, धान की सीधी बुआई करने तथा मृदा परीक्षण कार्ड के आधार पर संतुलित उर्वरकों का उपयोग करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सुभाष पारधी, ग्राम पंचायत सरपंच कन्हैया लाल खैरवार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी भूपेंद्र मासूरकर, कृषि विस्तार अधिकारी अंजली ताराम सहित क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी के उपयोगी सूक्ष्मजीवों को नुकसान पहुंचता है तथा वायु प्रदूषण भी बढ़ता है। किसान फसल अवशेष प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर सकते हैं।
किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, धान की सीधी बुआई की तकनीक तथा मृदा परीक्षण कार्ड के अनुसार उर्वरकों के संतुलित उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही रबी फसलों की बुआई के लिए स्टेप सीडर और सुपर सीडर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन यंत्रों के उपयोग से फसल अवशेषों के बेहतर प्रबंधन और बुआई कार्य में सहायता मिल सकती है। कार्यक्रम के दौरान किसानों को रबी मौसम में धान की खेती के स्थान पर गेहूं, चना, सरसों और अलसी जैसी फसलें लगाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि फसल विविधीकरण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक टिकाऊ बनाया जा सकता है। साथ ही किसानों से खेत की मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए कृषि विभाग की सलाह के अनुसार खेती करने का आग्रह किया गया।




